डीजल चोर गिरोह का भंडाफोड़: सड़क पर खड़ी ट्रकों की टंकी तोड़कर उड़ाते थे हजारों लीटर डीजल, 3 आरोपी गिरफ्तार; कई जिलों में फैला था नेटवर्क

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। मामले में पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी रात के अंधेरे में हाईवे पर खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाकर डीजल चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो वाहन, धारदार हथियार, 74 लीटर डीजल और नगदी रकम जब्त की है। मामला बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है।
अलग-अलग थानों में दर्ज है रिपोर्ट
मिली जानकारी के अनुसार जिले के सिरगिट्टी और कोनी थाना में डीजल लूट और चोरी की शिकायतें मिली थी। पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी संजय कुमार कुर्रे, मणिशंकर कुर्रे और अमित भारद्वाज को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
कई जिलों में फैला था नेटवर्क
बताया गया कि आरोपी स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट कार में घूमकर रात के समय हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वे डीजल टंकी तोड़कर बड़ी मात्रा में डीजल चोरी कर फरार हो जाते थे। विरोध करने वालों के साथ मारपीट और धमकी देने से भी आरोपी पीछे नहीं हटते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बिलासपुर सहित बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव और जांजगीर क्षेत्रों में भी वारदात करना स्वीकार किया है।
पुलिस को आशंका है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था। पुलिस के मुताबिक 24 मई 2026 को कोनी क्षेत्र में ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 बीएल 8136 से लगभग 100 लीटर डीजल चोरी किया गया था। वहीं 28 मार्च 2026 को ग्राम सेंदरी के पास खड़े ट्रेलर सीजी 04 बीएस 9548 से करीब 270 लीटर डीजल पार कर दिया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और लगातार दबिश कार्रवाई के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











