गायत्री शक्तिपीठ नवापारा में अखंड जाप, पांच कुंडीय महायज्ञ और संस्कारों के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा, विद्यार्थियों को ‘युगऋषि पुत्र सम्मान’ से किया गया सम्मानित

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– त्रिवेणी संगम की पावन धरा पर स्थित गायत्री शक्तिपीठ नवापारा में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अखंड जाप एवं पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर यज्ञ में आहुति अर्पित करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।

आयोजन की शुरुआत 28 जुलाई को प्रातः 6 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित अखंड गायत्री मंत्र जाप से हुई, जिसमें अनेक साधकों ने निर्धारित समय पर पहुंचकर मंत्र जाप किया। इसके बाद गुरु पूर्णिमा के दिन बुधवार को प्रातः 10 बजे विधिवत मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन एवं गुरु वंदना के साथ पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। महायज्ञ में नवापारा नगर के विभिन्न महिला मंडलों की सदस्याओं सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर एक गुरुदीक्षा, एक यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार तथा तीन गर्भ संस्कार भी संपन्न कराए गए। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मंगलकामना के लिए यज्ञ में आहुति प्रदान की।

गुरु का हमारे जीवन में महत्व

यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात आयोजित विचार गोष्ठी में एस.आर. सोन ने गुरु का हमारे जीवन में महत्व विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु मनुष्य को अज्ञान और भ्रम के अंधकार से निकालकर सत्य एवं ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। जीवन की प्रत्येक चुनौती और दुविधा में गुरु सही-गलत का भेद समझाकर उचित मार्गदर्शन करते हैं।

गुरु केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि नैतिक मूल्यों, श्रेष्ठ जीवन शैली और आत्म-साक्षात्कार का मार्ग भी दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर की प्राप्ति एवं आत्मकल्याण का मार्ग गुरु की कृपा और उनके मार्गदर्शन के बिना अधूरा माना गया है।

इस अवसर पर भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ‘युगऋषि पुत्र सम्मान’ से सम्मानित किया गया। अंत में शांति पाठ के साथ सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया और कार्यक्रम का समापन हुआ।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

युवा शक्ति के सर्वांगीण विकास हेतु 5 दिवसीय व्यक्तित्व निर्माण शिविर का शुभारंभ, 200 प्रतिभागी हुए शामिल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button