हाईवा-ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत: आग का गोला बनीं दोनों वाहन, ड्राइवर के जिंदा जलने से मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन कुछ ही मिनटों में आग के गोले में तब्दील हो गए। हादसे में एक ड्राइवर के जिंदा जलने से मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दूसरे चालक की स्थिति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। घटना रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।

केबिन में फंसे रह गए चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 1 बजे हुई टक्कर के बाद दोनों वाहनों में अचानक आग भड़क उठी। चालक केबिन के भीतर ही फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी बचाव नहीं कर पाए। ट्रेलर में सरिया लोड बताया जा रहा है, जिससे आग और भी विकराल हो गई। धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा।

तीन दमकल गाड़ियां मौके पर

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए तीन दमकल वाहनों की मदद ली गई। काफी देर तक रेस्क्यू और कूलिंग ऑपरेशन चलता रहा। घरघोड़ा पुलिस के अनुसार हादसे में एक चालक की मौत की पुष्टि हो चुकी है। दूसरे चालक के संबंध में आग पूरी तरह बुझने के बाद ही स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। कुछ सूत्रों के अनुसार दूसरा चालक संभवतः बाहर निकलने में सफल रहा, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ब्लैक स्पॉट पर फिर हादसा

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा कुरकुट नाला की उसी पुलिया पर हुआ, जिसे पहले से ‘ब्लैक स्पॉट’ के रूप में चिन्हित किया गया है। यहां पूर्व में भी कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने हाईवा चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह बताया है। उनका कहना है कि टक्कर इतनी अचानक हुई कि ट्रेलर चालक को संभलने का अवसर ही नहीं मिला।

घंटों ठप रहा यातायात

दुर्घटना के चलते रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों प्रभावित रहा। पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को डायवर्ट करने की व्यवस्था की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वाहन चालकों की पहचान और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

खड़े ट्रेलर के केबिन में लगी आग, तीन साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button