पत्नी की हत्या के बाद फांसी पर झूला पति, खेत के पास मिला दोनों का शव, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। दोनों का शव खेत में बने स्टोर रूम में मिला है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम उतई थाना क्षेत्र के ग्राम खोपली निवासी हेंगल का शव फांसी के फंदे पर और उसकी पत्नी दशोदा की लाश मिली है। बताया जा रहा है कि हेंगल ने पत्नी दशोदा की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। बताया जा रहा है कि हेंगल अपनी पत्नी दशोदा के साथ शुक्रवार शाम 6 बजे के करीब खेत गया था. लेकिन जब वापस नहीं लौटे तो घर के लोग उन्हें खोजते-खोजते खेत पहुंचे। वहां स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से बंद था।
मामले की जानकारी उतई पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद उतई थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी। लोगों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं खुला। इसके बाद दीवार में छेनी हथोड़ी के सहारे होल किया गया। रात 1 बजे दीवार में होल करके और दरवाजा तोड़कर पुलिस स्टोर रूम के अंदर पहुंची। जहां हेंगल फंदे पर लटका था। जमीन पर दशोदा खून से लथपथ पड़ी थी।
फावड़े से पत्नी को मारा
उतई थाना प्रभारी ने बताया कि हेंगल ने स्टोर रूम में रखे फावड़े से दशोदा के पर हमला किया। उसने गले और सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद खुद भी छत में लगी लकड़ी के सहारे फंदा बनाकर झूल गया। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भिजवा दिया है। वहीं स्टोर रूम को सील कर दिया है। पति-पत्नी के संबंध को लेकर पुलिस मृतक के परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ करेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FzPuwVGamn3JPUWBsjsyuH