राजिम में करोड़ों की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, शिकायतकर्ता ने नगर पंचायत पर लगाए आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के राजिम में सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए शासन-प्रशासन द्वारा विभिन्न स्तरों पर सख्त कार्रवाइयां की जा रही हैं, लेकिन इन कार्यवाहियों से बेखौफ कुछ लोगों द्वारा करोड़ों रुपये कीमत वाली सरकारी जमीन पर खुलेआम अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा हैं।
मामला राजिम नगर पंचायत क्षेत्र के पौनी पसारी इलाके का है, जो राजिम गरियाबंद मार्ग पर स्थित है। राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे इस बहुमूल्य जमीन पर अतिक्रमणकारियों ने पक्के निर्माण शुरू कर दिए हैं। पौनी पसारी के पास स्थित यह सरकारी जमीन राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे होने के कारण इसका बाजार मूल्य करोड़ों रुपये में आंका जाता है। विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस भूमि पर हाल ही में अवैध निर्माण कार्य किया गया है, अतिक्रमणकारी ने बिना किसी अनुमति के मकान और अन्य संरचनाएं खड़ी कर ली हैं।
शिकायतकर्ता राकेश मांडरे ने बताया कि नगर पंचायत राजिम के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को इस अतिक्रमण की शिकायत पहले भी कर चुके है, लेकिन विभाग द्वारा अब तक केवल नोटिस जारी कर मामला रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय निवासियों और शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह खानापूर्ति मात्र है, और यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे कलेक्टर तथा विधायक कार्यालय के बाहर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
कार्यवाही की जाएगी

इस मामले में नगर पंचायत राजिम CMO मनीष गायकवाड़ ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही नोटिस जारी कर यथा स्थिति बनाए रखने कहा गया है। जल्द ही इस पर कार्यवाही की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BS4iWWfFiNDDwvO04RHCp3?mode=ems_wa_c











