दीपावली के पहले चक्रवाती तूफान ‘‘दाना’’ का प्रभाव : इन राज्यों को किया हाई अलर्ट, छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, 14 ट्रेनों को किया कैंसिल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- चक्रवाती तूफान ‘‘दाना’’ का प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है। 25 से 27 अक्टूबर के बीच बारिश के आसार है। दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बना गंभीर चक्रवाती तूफान ‘दाना’ पूर्वी भारतीय तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है और इसके 24 अक्टूबर की देर रात ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट से टकराने की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बना कम दाब का क्षेत्र पहले ही तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। रेलवे ने छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 14 ट्रेनों को आज (बुधवार) से 26 अक्टूबर (शनिवार) तक कैंसिल कर दिया है, इससे पुरी जाने वाले ज्यादातर यात्री प्रभावित होंगे।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों को लेकर अलर्ट जारी किया है। जिसके बाद दोनों राज्यों की चिंता बढ़ गई है। सबसे ज्यादा ओडिशा में हाई अलर्ट जारी करते हुए पुरी, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर और कटक में तेज रफ्तार में हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। यहां 100 से 120 प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के बंदरगाहों को भी अलर्ट कर दिया गया है। जानकारी मिली है कि चक्रवात के कारण ओडिशा का कोणार्क मंदिर 24 और 25 अक्टूबर को बंद रहेगा।
रेस्क्यू टीम तैनात
एनडीआरएफ ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रेस्क्यू टीमें तैनात की हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी। इधर भारतीय तटरक्षक बल भी ‘हाई अलर्ट’ पर है और उसने चक्रवाती तूफान से उत्पन्न होने वाली किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अपने जहाजों और विमानों को तैनात कर दिया है।
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम
छत्तीसगढ़ में तूफान ‘‘दाना’’ के चलते मौसम बदला रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर और बस्तर संभाग के जिलों में 25 और 26 अक्टूबर को हल्की बारिश हो सकती है और प्रदेश के कई स्थानों में मौसम बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस महीने के अंत तक प्रदेश में गुलाबी ठंड दस्तक देगी, इसके बाद लगातार तापमान में गिरावट आ सकती है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KvranEI4fuf9kS4c7GKdLd