खेलते-खेलते गायब हुआ 2 साल का मासूम, सुबह गोबर गैस टैंक से मिली लाश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गोबर गैस टैंक दो साल के मासूम की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चे के माता-पिता रोजी-मजदूरी के लिए दूसरे राज्य गए हुए थे। मासूम अपने दादा-दादी के पास रह रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की माहौल है। घटना कोरबा जिले से दर्री थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार बरेलीमुंडा गोपालपुर गांव में हर्ष कंवर (2 वर्ष) अपने दादा प्रमोद कंवर और दादी के साथ रह रहा था। उसके माता-पिता रोजी-मजदूरी के लिए तमिलनाडु गए हुए थे। सोमवार दोपहर हर्ष घर में खेल रहा था, जबकि दादा-दादी और परिवार के अन्य सदस्य आराम कर रहे थे। जब वे सोकर उठे तो हर्ष घर में नजर नहीं आया। पहले आसपास तलाश की गई, फिर पूरे गांव में खोजबीन शुरू हुई। रातभर परिजन और ग्रामीण मासूम की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह टैंक से मिली लाश
मंगलवार सुबह घर की बाड़ी में बने बंद गोबर गैस टैंक की ओर ध्यान गया। जब टैंक को देखा गया तो अंदर हर्ष का शव मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही दर्री थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हर एंगल से जांच
पुलिस के अनुसार बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी और आसपास खोजबीन की जा रही थी। मंगलवार को शव बरामद हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8
यह खबर भी जरुर पढ़े
बाथरूम में खुले सेप्टिक टैंक में गिरकर बच्ची की मौत, गोदभराई कार्यक्रम में आई थी मासूम











