खूनी पति का तांडव: चापड़ से पत्नी की हत्या, मां-बहन पर भी वार, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– पति ने अपनी पत्नी पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची मां और बहन पर भी आरोपी ने धारदार हथियार से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है। घटना कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
कमरे के भीतर किया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार कोरबा शहर के सीतामणी वैष्णो दरबार बस्ती में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। आरोपी रामेश्वर साहू ने अपनी पत्नी सुकृता साहू पर कमरे के अंदर चापड़ से हमला किया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर सुकृता की मां सांवन साहू और बहन निर्मला साहू उसे बचाने दौड़ीं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।
अस्पताल में तोड़ा दम
चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल-112 व कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और तीनों घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान सुकृता साहू की मौत हो गई। मां और बहन का इलाज जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामेश्वर साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पहले भी जा चुका है जेल
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पत्नी की शिकायत पर आरोपी एक वर्ष पूर्व भी जेल जा चुका था। पूछताछ में चरित्र शंका और पैसों की मांग को विवाद का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu











