तेंदुए ने किया गाय का शिकार, ग्रामीणों में दहशत, इस बात का लगाया अनुमान, वन विभाग पहुंचा मौके पर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- गरियाबंद जिले में वन्य प्राणियों का आतंक बढ़ गया है। पांडुका इलाके में एक तेंदुए ने एक गाय को अपना शिकार बना लिया है। तेंदुए ने गाय का कुछ हिस्सा खाकर खेत में छोड़ दिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले एक मादा तेंदुआ दो शावकों के साथ इलाके में घूमती देखी गई थी। बता दें कि एक दिन पहले ही छुरा इलाके में एक भालू ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया था।
जानकारी के अनुसार, ग्राम तौरेंगा के मौलीपारा मोहल्ले से करीब आधा किलोमीटर दूर बीती रात एक गाय का शिकार किया गया। मोहल्लेवासियों के अनुसार, करीब 8 से 10 आवारा गायों का झुंड जतमई रोड पर बैठा था और शिकार की गई गाय उन्हीं में से एक थी। सुबह जब किसान अपने खेत पर पहुंचा तो उसने खेत में मृत गाय को देखा और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद ग्रामीणों ने इलाके के बिट गार्ड लोकेश श्रीवास को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर गाय की पहचान की तो कोई मालिक नहीं मिला, जिस पर उसे आवारा मानते हुए पंचनामा बनाया गया। प्रारंभिक तौर पर अनुमान लगाया जा रहा है कि तेंदुए ने यह शिकार बच्चों की भूख मिटाने के लिए किया गया था।
बड़ी संख्या में मौजूद है वन्य प्राणी
आपको बता दें कि तौरेंगा गांव जंगलों से घिरा हुआ है। ऐसे में वहां आसपास जंगली जानवरों की कोई कमी नहीं है। तेंदुआ, भालू, हिरण, नीलगाय, लकड़बग्घा समेत शाकाहारी और मांसाहारी वन्य प्राणी कई बार देखे जा चुके हैं, लेकिन पिछले कुछ सालों में शिकारियों के लगातार शिकार के कारण इन जानवरों और पक्षियों की संख्या में काफी कमी आई है। जानकारों की मानें तो यहां के जंगली जानवरों की तस्करी विदेशों तक की जा रही है। साथ ही, राजधानी से शिकारी यहां हिरणों का शिकार करने आते हैं और अत्याधुनिक हथियारों से शिकार करने के बाद गायब हो जाते हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BM4cHVhLYrPLudwEhQHVBB?mode=ac_t
यह खबर भी जरुर पढ़े
छुरा ब्रेकिंग: तेंदुए ने किया बच्ची पर हमला, माता-पिता की बहादुरी से बची जान