तेंदुए ने किया महिला का शिकार: जंगल में मिला क्षत-विक्षत लाश, गांव में अलर्ट

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- रविवार को तेंदुए ने एक महिला का शिकार किया है। घटना मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कुंवारपुर की है। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटना स्थल पर पहुंची। वन अफसरों का अनुमान है कि तेंदुआ संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान से आया होगा। यह क्षेत्र संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान और गुरुघासीदास राष्ट्रीय उद्यान से लगा हुआ है।
बताया जा रहा है कि इस इलाके में सालों बाद तेंदुए ने ग्रामीण को शिकार बनाया है। मृतका की पहचान फुलझरिया के रूप में हुई है, जो ग्राम गधौरा की रहने वाली थी। वन विभाग के रेंजर रामसागर गुप्ता के अनुसार ये तितौली के बुधौरा जंगल की घटना है। महिला देर शाम जंगल से गांव लौट रही थी, तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। बाद में गांव वाले और उसके परिवार ने उसकी तलाश की, तो जंगल में महिला का क्षत-विक्षत शव मिला।
गांव के लोगों को सतर्क रहने की हिदायद
विभाग ने वन क्षेत्र से लगे गांवों में कर्मचारियों को भेजकर सतर्क रहने सूचना भिजवाई है। वन विभाग ने लोगों से जंगल की ओर जाने से मना किया है। साथ ही गांव में भी अलर्ट रहने को कहा है। तेंदुआ अगर इस इलाके में है, तो वो गांव में आकर मवेशियों का शिकार भी कर सकता है, इसलिए रात में मशाल जलाकर रखने की सलाह भी वन विभाग ने दी है। फिलहाल महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है।

Related Articles

Back to top button