स्कूटी में छिपाकर ला रहे थे गांजा, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा; कुल 10.52 लाख रुपए की सामग्री जब्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत इंदागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ओडिशा से गांजा लेकर इंदागांव की ओर आ रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 19.840 किलोग्राम अवैध गांजा, एक TVS NTORQ स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख 52 हजार रुपए बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को थाना इंदागांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति TVS NTORQ स्कूटी क्रमांक OD 08 AC 8586 में ओडिशा से अवैध गांजा लेकर इंदागांव की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध स्कूटी सवार दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम भवानी शंकर नाईक (34 वर्ष) निवासी जयपटना, जिला कालाहांडी, ओडिशा बताया। वहीं पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान मुकेश पटेल (34 वर्ष) निवासी जयपटना, जिला कालाहांडी, ओडिशा के रूप में हुई।
बैग में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस ने दोनों आरोपियों के बैग की तलाशी ली। भवानी शंकर नाईक के कब्जे से काले रंग के पिट्ठू बैग में भूरे रंग के सेलो टेप से लिपटा 8.940 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 47 हजार रुपए बताई गई है। वहीं मुकेश पटेल के कब्जे से नेवी ब्लू रंग के पिट्ठू बैग में दो पैकेटों में रखा 10.900 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 5 लाख 45 हजार रुपए है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त TVS NTORQ स्कूटी, एक Vivo मोबाइल और एक Realme मोबाइल भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख 52 हजार रुपए आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

पूछताछ और बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख) NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों और चेक पोस्टों पर लगातार संदिग्ध वाहनों की जांच एवं निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











