छुरा ब्रेकिंग : मशरूम बीनने निकले ग्रामीण पर मादा भालू ने किया हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा छुरा :– वर्षा ऋतु में जंगलों में उगने वाले जंगली मशरूम ग्रामीणों के लिए जहां रोजगार और भोजन का एक साधन बनते हैं, वहीं इन्हीं की तलाश में जंगल की ओर जाने वाले ग्रामीणों का सामना वन्यजीवों से होने का खतरा भी बढ़ जाता है। छुरा वन परिक्षेत्र के कनसिंघी परिसर अंतर्गत दादरगांव (नया) में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां खेत में काम करने जा रहे ग्रामीण पर मादा भालू ने हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार दादरगांव (नया) निवासी बिसऊ राम मरकाम (40), पिता मनोहर मरकाम, सुबह अपने खेत में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान वन क्षेत्र के आसपास उनका सामना मादा भालू से हो गया। बताया जा रहा है कि भालू के साथ उसके दो शावक भी मौजूद थे। अचानक सामने आए भालू ने ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीण को तत्काल उपचार के लिए उपस्वास्थ्य केंद्र छुरा ले जाया गया।
सहायता राशि की प्रदान
ग्रामीणों के अनुसार इन दिनों बारिश के मौसम में जंगलों में मशरूम निकलने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण इन्हें बीनने जंगल और वन क्षेत्र के आसपास पहुंचते हैं। इसी दौरान वन्यजीव भी भोजन की तलाश में आबादी से लगे इलाकों तक पहुंच जाते हैं। क्षेत्र में मादा भालू और उसके दो शावकों की मौजूदगी की जानकारी से ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और लोगों को सतर्क करने की मांग की है, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मामले की जानकारी ली। वन परिक्षेत्र छुरा के रसेला सर्किल अंतर्गत वन परिक्षेत्र अधिकारी एवं सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी रसेला द्वारा घायल ग्रामीण को मौके पर तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से जंगल अथवा खेत के आसपास जाते समय विशेष सावधानी बरतने तथा भालू दिखाई देने पर उसके करीब न जाने की अपील की गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











