अवैध शराब पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला! महिला समेत 6 गिरफ्तार; अन्य आरोपियों की तलाश जारी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:– गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र के अंतिम छोर गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर कथित हमले का मामला सामने आया है। पुलिस का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों के एक समूह ने स्पेशल क्राइम टीम और छुरा थाना पुलिस को घेर लिया, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई, गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद गांव में देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को शराब बिक्री की सूचना मिलने पर स्पेशल क्राइम टीम एवं छुरा थाना की संयुक्त टीम डोंगरीपाली पहुंची थी। पुलिस टीम जैसे ही कार्रवाई शुरू करने लगी, तभी कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि पुलिस जवानों को घेरकर उनके साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और मारपीट की गई। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस टीम को तत्काल गांव से थाना से अतिरिक्त बल बुला कर मौहोल शांत कर वापस लौटना पड़ा। इस दौरान शासकीय कार्य बाधित होने के साथ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस बल के साथ दोबारा दबिश
घटना के बाद शुक्रवार 31 जुलाई को जिला पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांव में दोबारा दबिश दी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस बल की दो बसों में जवानों को तैनात किया गया तथा छुरा थाना एवं डोंगरीपाली गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पहचान के आधार पर सुमित्रा नेताम, चुनेश्वर मरकाम सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक महिला और दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है तथा उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना घेराव की कोशिश, समझाइश के बाद मामला शांत
बताया जा रहा है कि छह आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान कुछ ग्रामीणों ने थाना घेराव का प्रयास भी किया, लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई तथा गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 191(2), 115(2), 191(3), 121(1), 296, 132 एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गरिमा दादर ने बताया कि पुलिस अवैध शराब के कारोबार की सूचना पर नियमानुसार कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस टीम पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











