शावक की मौत के बाद बौखलाई मादा भालू का खूनी तांडव: सगे भाई-बहन की मौत, कई घंटे तक नोचती रही शव, VIDEO

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक मादा भालू ने दिन-दहाड़े खूनी तांडव मचाते हुए सगे भाई-बहन की जान ले ली, जबकि उन्हें बचाने पहुंची उनकी दूसरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मादा भालू करीब पांच घंटे तक शवों के पास डटी रही, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। रायपुर से पहुंची विशेषज्ञ टीम ने ट्रैंक्विलाइजर गन से भालू को बेहोश करने के बाद ही शवों को घटनास्थल से हटाया जा सका। पूरी घटना कांकेर जिले की है।
जानकारी के अनुसार, मुख्यालय से लगे ग्राम लारगांव मरकाटोला निवासी गोरसे जुर्री (50), जो गांव के आश्रम में रसोइया के रूप में कार्यरत थीं, बुधवार सुबह अपने भाई हलाल खोर जुर्री (45) और दो छोटे बच्चों के साथ घर लौट रही थीं। सुबह करीब 11 बजे रास्ते में अचानक एक मादा भालू ने उन पर हमला कर दिया। दोनों भाई-बहन ने पहले बच्चों को सुरक्षित स्थान पर भगाया और फिर भालू का सामना करने की कोशिश की।
चीख-पुकार सुनकर पास के खेत में काम कर रही उनकी छोटी बहन खोरीन जुर्री (43) भी बचाने के लिए दौड़ पड़ी, लेकिन भालू ने उस पर भी हमला कर दिया। इस हमले में गोरसे जुर्री और हलाल खोर जुर्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं खोरीन जुर्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
कई घंटे तक नोचती रही शव

घटना के बाद मादा भालू मृतकों के शवों के पास ही कई घंटों तक डटी रही और उन्हे मुंह से नोचती रही। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने रायपुर से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को बुलाया। शाम करीब चार बजे ट्रैंक्विलाइजर गन की मदद से भालू को बेहोश किया गया। इसके बाद ही वन विभाग की टीम शवों को मौके से निकाल सकी।
भालू के बेहोश होते ही आक्रोशित ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर उसकी ओर दौड़ पड़े। हालांकि वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हस्तक्षेप करते हुए किसी तरह भालू को ग्रामीणों के गुस्से से बचाया और सुरक्षित स्थान पर ले गए।
शावक की हो गई थी मौत
बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले मंगलवार को मादा भालू के शावक की मौत हो गई थी। शावक के लिवर में संक्रमण के कारण उसकी मौत हो गई थी। अपने शावक की अचानक मौत के बाद मादा भालू बेहद आक्रामक और तनावग्रस्त हो गई थी। इसी दौरान उसका सामना ग्रामीणों से हो गया और उसने हमला कर दिया।
इधर, इसी दिन कांकेर जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र के सिहारीनाला क्षेत्र में भी एक अन्य भालू ने देवबली राम ध्रुव नामक ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एक ही दिन में भालू के हमलों में तीन लोगों की मौत से पूरे जिले में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल और उससे लगे क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा अकेले आवाजाही से बचने की अपील की है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद के जंगल में भालू का आतंक, महुआ बीनने गए ग्रामीण पर जानलेवा हमला











