वैलेंटाइन वीक में प्रेमी युगल ने की आत्महत्या, शादी में देरी से आहत जोड़े ने लगाई फांसी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– वैलेंटाइन वीक के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शादी में देरी से आहत एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले डेढ़-दो वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे और परिजनों की सहमति से लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे थे। घटना गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र का है।
शादी समारोह में हुई थी मुलाकात
जानकारी के अनुसार हमाली गांव निवासी अनीता सिंह (20 वर्ष) और अमलिहा गांव निवासी कृष्णा सिंह (18 वर्ष) की मुलाकात करीब दो वर्ष पहले एक शादी समारोह में हुई थी। मुलाकात के बाद दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध प्रगाढ़ हो गया। परिवार की सहमति से दोनों पिछले दो-तीन महीनों से एक ही घर में रह रहे थे। हालांकि, युवक की उम्र कम होने के कारण परिजन शादी के लिए कुछ समय और प्रतीक्षा करने की बात कह रहे थे।
15 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर लगाई फांसी
बताया जा रहा है कि इसी बात से दोनों मानसिक रूप से परेशान थे। बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात युवती ने अपने घर में फांसी लगा ली। इसकी जानकारी मिलने पर युवक ने उसे फंदे से नीचे उतारा और बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद कृष्णा ने घर से निकलकर पास के नीलगिरी प्लॉट में लगभग 15 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली।
परिजनों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार दोनों “शादी की जिद कर रहे थे, लेकिन उम्र कम होने के कारण रुकने को कहा गया था। दोनों ज्यादा इंतजार नहीं कर पा रहे थे।” वहीं युवक की बहन ने कहा कि शादी की तैयारी चल रही थी, बस उम्र पूरी होने का इंतजार था। घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8
यह खबर भी जरुर पढ़े
वेलेंटाइन वीक में पार्क बना अश्लीलता का केंद्र, सोशल मीडिया पर कपल रोमांस का वायरल वीडियो











