2 दिन से लापता युवक का शव मिला, शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दो दिन से लापता एक युवक का शव नदी किनारे मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। जिसे देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है। युवक के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। घटना बिलासपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
पेंटिंग का काम करता था मृतक
जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को पचरीघाट के पास अरपा नदी के किनारे एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। जिसके बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँच गई। मृतक की पहचान सीपत क्षेत्र के राजेंद्र उर्फ राजू सूर्यवंशी (26) के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि राजेंद्र पेंटिंग और दीवारों पर डिज़ाइन बनाने का काम करता था। वह चिंगराजपारा में रहता था।
परिजनों ने यह भी बताया कि वह दो दिनों से लापता था और वे उसकी तलाश कर रहे थे। उन्होंने कुश कुमार और उसके दोस्तों से जानकारी ली। फिर भी उसका कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद उन्होंने सरकंडा थाने को सूचना दी। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए। जिसे देखकर परिजनों को हत्या का शक हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जांच में जुटी पुलिस
बताया गया कि मृतक ने अपने दोस्त के साथ शराब भी पी थी। जिसके बाद दोनों अपने घर के लिए निकल गए। लेकिन, राजेंद्र अपने घर नहीं पहुंचा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। उसके दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/GziCN5iIb0T1AZ6tu0NrWR