शादी के घर में मर्डर: सनकी पति ने हथौड़े से पत्नी की ली जान, बीच-बचाव करने आई साली-नतिनी पर भी हमला, जानिए पूरा मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक सनकी पति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी पर हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आई साली और नतिनी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। साली की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र का है।
शादी का घर बना मातम का माहौल
जानकारी के अनुसार मृतका के भाई (आरोपी का साला) की शादी का कार्यक्रम प्रतापपुर इलाके के सरहरी गांव में चल रहा था। इसी वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए आरोपी अपने ससुराल पहुंचा था। घर में शादी की खुशियां थीं, लेकिन आरोपी के मन में पत्नी के मायके में रहने को लेकर गहरा आक्रोश था।
बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी पिछले छह माह से अपने मायके में रह रही थी, जिससे वह नाराज था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते गुस्से में आरोपी ने हथौड़ा उठाकर पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बीच-बचाव करने वालों पर भी हमला
हंगामा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची साली पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। इस दौरान नतिनी को भी चोटें आई हैं। अचानक हुई इस घटना से शादी का माहौल मातम में बदल गया और गांव में दहशत फैल गई। आरोपी वारदात के बाद से फरार हो गया।
पुलिस ने गठित की टीमें
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जानकारी ली और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के पूरे कारणों का खुलासा हो सकेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu
यह खबर भी जरुर पढ़े
चौथिया कार्यक्रम के दौरान विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या, 4 घायल, दो नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार











