पति-पत्नी की हत्या, पिता-पुत्र समेत चार आरोपी गिरफ्तार, चोरी की नीयत से घर में घुसे थे, जागने पर दंपती को मार डाला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में पति-पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। दरअसल, आरोपियों ने चोरी की नीयत से घर में घुसे थे, लेकिन दंपती के जाग जाने पर धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी थी। मामले में पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के पास से लूटे गए जेवर और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए गए हैं। मामला जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल की सुबह ग्राम खपरी निवासी संतराम साहू (70 वर्ष) और उनकी पत्नी श्यामबाई साहू (65 वर्ष) के शव घर में खून से लथपथ हालत में मिले थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर और मुलमुला पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की।

चोरी की नीयत से घर में घुसे थे

जांच में सामने आया कि आरोपी सुरेंद्र यादव पहले मृतक के घर में शादी के दौरान वीडियोग्राफी कर चुका था, जिससे उसे घर में पैसे और जेवर होने की जानकारी थी। इसी आधार पर उसने गजेंद्र पाल दिनकर के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। घटना की रात दोनों आरोपी छत के रास्ते घर में घुसे।

इस दौरान संतराम साहू के जाग जाने पर उन्होंने विरोध किया, जिस पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। शोर सुनकर जागी पत्नी श्यामबाई साहू पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने महिला के गले से सोने का हार और पैरों से चांदी की पायल लूट ली और फरार हो गए।

पिता-पुत्र समेत चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में गजेंद्र पाल दिनकर (24 वर्ष), सुरेंद्र यादव (25 वर्ष), श्यामरतन दिनकर (53 वर्ष) और विजेंद्र पाल दिनकर (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो चाकू, सोने का हार, चांदी की पायल तथा एक मोटरसाइकिल (सीजी 11 ए डब्ल्यू 0357) जब्त की गई है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पिता ने लूटे गए जेवर छिपाने में मदद की, जबकि भाई ने घटना के बाद आरोपी को भागने में सहयोग किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

लूट या रंजिश? सो रहे पति-पत्नी की निर्मम हत्या, खून से सना मिला घर, मुखौटा पहनकर आए थे हत्यारे!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button