वारदात या साजिश? ग्राम पंचायत कुर्रा में रहस्यमयी चोरी, सचिव कक्ष का ताला तोड़कर नकदी व 30 वर्षों के अभिलेख ले उड़े अज्ञात चोर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा से लगे ग्राम पंचायत कुर्रा में अज्ञात चोरों द्वारा बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने ग्राम पंचायत भवन का चैनल गेट एवं सचिव कक्ष का ताला तोड़कर नगद राशि सहित पंचायत के लगभग 30 वर्षों के महत्वपूर्ण दस्तावेज और अभिलेख चोरी कर लिए। इस घटना ने पूरे मामले को रहस्यमयी बना दिया है और कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

26 जनवरी की है घटना

घटना 26 जनवरी 2026 की सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है, जब नल-जल योजना के ऑपरेटर नारायण साहू पंचायत भवन पहुंचा। उसने देखा कि ग्राम पंचायत का चैनल गेट और सचिव कक्ष का ताला टूटा हुआ है। सूचना तत्काल सरपंच श्रीमती पुष्पा डमेश साहू को दी गई, जिन्होंने पंचायत सचिव संगीता ध्रुव को मोबाइल के माध्यम से अवगत कराया।

सुबह करीब 7.30 बजे सचिव के पंचायत भवन पहुंचने पर सामने आया कि सचिव कक्ष की अलमारी से न केवल नगद राशि गायब है, बल्कि पंचायत के वे दस्तावेज भी नहीं हैं, जिनका सीधा संबंध वित्तीय लेन-देन, निर्माण कार्य, रोजगार योजनाओं, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, टैक्स वसूली, निर्वाचन, सामाजिक अंकेक्षण और विभिन्न शासकीय योजनाओं से है।

चोरी के पीछे क्या थी असली मकसद ये बड़ा सवाल

घटना के बाद मामला संदिग्ध हो गया है और सवालों के घेरे में चोरी की कहानी सामने आ रही है। स्थानीय लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर साधारण चोरी में कोई चोर 30 वर्षों के दर्जनों रजिस्टर और फाइलें क्यों ले जाएगा? क्या चोरों को पहले से पता था कि कौन-कौन से दस्तावेज कहां रखे हैं? नगद राशि अपेक्षाकृत कम, लेकिन अभिलेख अत्यधिक महत्वपूर्ण था। आखिर इसके पीछे असली मकसद क्या था? क्या यह केवल चोरी है या फिर किसी रिकॉर्ड को मिटाने की सुनियोजित कोशिश?

बताया जा रहा है कि चोरी हुए दस्तावेजों में ग्राम सभा कार्यवाही पंजी, रोकड़ पंजी, लेजर, वाउचर फाइल, टैक्स वसूली पंजी, रोजगार एवं मनरेगा रिकॉर्ड, पासबुक-चेकबुक, जन्म-मृत्यु पंजी, निर्वाचन फाइलें, सामाजिक अंकेक्षण और विभिन्न योजनाओं के अभिलेख शामिल हैं, जिनका महत्व केवल प्रशासनिक ही नहीं बल्कि जांच और ऑडिट के लिहाज से भी बेहद अहम है।

पुलिस जांच, लेकिन शक गहराया

ग्राम पंचायत सचिव द्वारा 29 जनवरी 2026 को थाना गोबरा नवापारा में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन पंचायत स्तर पर चर्चा है कि यह घटना सामान्य चोरी से कहीं ज्यादा गंभीर प्रतीत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत से जुड़े इतने व्यापक रिकॉर्ड का एक साथ गायब होना महज संयोग नहीं हो सकता।

घटना के बाद पंचायत प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है और कई लोग इसे रिकॉर्ड गायब करने की साजिश के रूप में देख रहे हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस जांच में यह मामला साधारण चोरी साबित होता है या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश सामने आती है। शिकायत के बाद पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुट गई है।

जांच जारी है – थाना प्रभारी

इस संबंध में गोबरा नवापारा थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल ने बताया कि पंचायत भवन में चोरी की घटना का शिकायत आया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8

यह खबर भी जरुर पढ़े

डकैती की बड़ी साजिश नाकाम, नवापारा के 6 बदमाश गिरफ्तार, कई हथियार बरामद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button