राजिम कुंभ मेला 2026: आयोजन को लेकर प्रशासनिक अधिसूचना जारी, शासन ने गठित की विभिन्न समितियां

1 से 15 फरवरी तक होगा राजिम कुंभ का आयोजन, केंद्रीय समिति के संरक्षक सह अध्यक्ष बनाए गए मुख्यमंत्री साय

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 के आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ शासन ने औपचारिक रूप से अधिसूचना जारी कर दी है। छत्तीसगढ़ शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा जारी इस अधिसूचना का प्रकाशन राजपत्र में हो चुका है। इसके साथ ही मेला आयोजन की तैयारियों ने प्रशासनिक रूप ले लिया है।

अधिसूचना के अनुसार राजिम कुंभ कल्प मेला का आयोजन 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। वहीं मेला की प्रारंभिक तैयारियों एवं पश्चातवर्ती कार्यों के लिए अवधि 1 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक अधिसूचित की गई है।

रायपुर कमिश्नर बनाए गए मेलाधिकारी

शासन ने मेला संचालन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। अधिसूचना के तहत रायपुर संभाग के आयुक्त को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं गरियाबंद जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के संचालक को मेला का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए एक स्थानीय समिति का गठन किया गया है।

स्थानीय समिति का गठन

स्थानीय समिति के अध्यक्ष गरियाबंद कलेक्टर और सदस्य सचिव मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गरियाबंद को बनाया गया है। स्थानीय समिति में सदस्य के रूप में उप सचिव धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग, पुलिस अधीक्षक गरियाबंद, अनुविभागीय अधिकारी (रा) गरियाबंद, वन मंडलाधिकारी गरियाबंद, कार्यपालन अभियंता (लोनिवि), कार्यपालन अभियंता (पीएचईं), कार्यपालन अभियंता (जल संसाधन), कार्यपालन अभियंता (विद्युत मंडल), पर्यटन मंडल के उप महाप्रबंधक (वित्त), संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के उप संचालक, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवापारा-राजिम को शामिल किया गया है।

68 सदस्यों की बनी केंद्रीय समिति

राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 के सफल आयोजन और मार्गदर्शन के लिए शासन ने 68 सदस्यों की एक केंद्रीय समिति का भी गठन किया है। इस समिति के संरक्षक सह अध्यक्ष मुख्यमंत्री विष्णुदेय साय को बनाया गया है। सह संरक्षक द्वय उप मुख्यमंत्री अरूण साव और केबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल को शामिल किया है। केंद्रीय समिति में 46 विशिष्ट सदस्य एवं 16 सदस्य बनाए गए हैं, जिनमें मंत्री, सांसद, विधायक, संत-महात्मा, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हैं।

तैयारियां हुई तेज

बता दें कि राजिम कुंभ कल्प मेला शासन का प्रतिष्ठित आयोजन है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही शासन-प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में मेला क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियां और व्यवस्थाएं युद्ध स्तर पर प्रारंभ हो जाएगा। मेलाधिकारी सह कमिश्नर ने आयोजन की तैयारियों को लेकर 17 दिसंबर को प्रशासनिक अधिकारियों को बैठक लेकर आश्वयक दिशा निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने स्थल निरीक्षण कर तैयारियां तत्काल प्रारंभ करने निर्देशित किया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम कुंभ कल्प 2026 : कमिश्नर-कलेक्टर ने ली अधिकारियों की बैठक, स्थल निरीक्षण कर दिए निर्देश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button