होली पर हुड़दंग बर्दाश्त नहीं: नवापारा थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न, नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
टीआई दीपेश जायसवाल बोले-भाईचारे के साथ मनाएं पर्व

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार विक्रांत सिंह राठौर और थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में टीआई दीपेश जायसवाल ने होली को रंगों और भाईचारे का त्योहार बताते हुए सभी से शालीनता और संयम के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रंग-गुलाल के दौरान किसी भी प्रकार का बवाल न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही रमजान माह को ध्यान में रखते हुए मुस्लिम समाज की भावनाओं का सम्मान करने और मस्जिदों में रंग-गुलाल न लगाने की अपील की गई।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी
थाना प्रभारी ने कहा कि होली के दिन नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग रहेगी। हुड़दंग या शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर के संवेदनशील स्थानों बस स्टैंड, सोमवारी बाजार, सदर बाजार, गंज मार्ग और नगर पालिका चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
सुरक्षा और सावधानी के निर्देश
बैठक में नागरिकों से अपील की गई कि विद्युत तार, ट्रांसफॉर्मर या पैरावट के पास होलिका दहन न करें। बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए लाउडस्पीकर का सीमित उपयोग करें। पानी की अनावश्यक बर्बादी न हो, इसका भी ध्यान रखने को कहा गया। इसके अलावा चाइनीज एवं रासायनिक रंगों के उपयोग से बचने, हर्बल रंगों का प्रयोग करने, मुखौटों से परहेज करने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई।
अवैध शराब पर लोग हुए आक्रोश
बैठक के दौरान शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठा। उपस्थित नागरिकों में इसको लेकर खासा आक्रोश देखा गया। लोगों ने आरोप लगाया कि शहर की गलियों और गांवों में खुलेआम कोचियों द्वारा अवैध शराब बेची जा रही है। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि ऐसे अवैध कोचियों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली पर कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
घायलों की जान बचाने वाले जुम्मन खान सम्मानित
बैठक के दौरान मानवता की मिसाल पेश करने वाले ऑटो चालक जुम्मन खान को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उनके साहस और संवेदनशीलता की सराहना की।
बताया गया कि कुछ दिन पूर्व ग्राम जौंदा के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के वक्त मौके से गुजर रहे जुम्मन खान ने बिना देर किए तीनों घायलों को अपने ऑटो में बैठाकर तत्काल नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दुर्भाग्यवश दुर्घटना में दो लोगों की मृत्यु हो गई, लेकिन समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से एक युवती की जान बचाई जा सकी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/ssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











