छुरा इलाके के गांव में बीच पेड़ पर बैठा तेंदुआ, ग्रामीणों की थमी सांसे, घंटों दहशत में रहे लोग
वन विभाग की टीम लगातार कर रही निगरानी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:– छुरा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब घने जंगलों से भटककर एक तेंदुआ सीधे रिहायशी इलाके तक पहुंच गया और गांव के बीच एक ऊंचे पेड़ पर डेरा जमाकर बैठ गया। अचानक सामने आए इस तेंदुए को देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई, वहीं मौके पर लोगों की भीड़ जुटने से हालात और तनावपूर्ण हो गए। घंटों तक पेड़ पर बैठे तेंदुए को देख ग्रामीण काफी डरे रहे। यह घटना सुरंगपानी गांव का है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ पेड़ की डाल पर बैठकर नीचे मौजूद लोगों की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए था। ग्रामीणों के शोर-शराबे और भीड़ के बावजूद वह नीचे नहीं उतरा, जिससे लोगों में डर और कौतूहल दोनों का माहौल बना रहा। कई लोग इस दुर्लभ नजारे को मोबाइल में कैद करते नजर आए, वहीं बच्चों और महिलाओं में खासा भय देखा गया।
भीड़ बढ़ी तो बढ़ा खतरा
जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, स्थिति संवेदनशील होती चली गई। आशंका जताई जा रही थी कि तेंदुआ असहज होकर कभी भी नीचे उतर सकता है। इसे देखते हुए गांव के जागरूक लोगों ने भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर अपने सदस्यों को घरों के भीतर ही रहने की सलाह दी।
वन विभाग की टीम मौके पर, लगातार निगरानी जारी
इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाल लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी कि वे तेंदुए के पास न जाएं और किसी भी प्रकार की उकसाने वाली हरकत से बचें। टीम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
पहले भी दिख चुके हैं वन्यजीव
जानकारी के मुताबिक यह क्षेत्र छुरा वन परिक्षेत्र के रसेला बीट के अंतर्गत आता है, जहां आसपास घने जंगल होने के कारण वन्यजीवों की आवाजाही सामान्य मानी जाती है। हालांकि, गांव के इतने करीब तेंदुए का इस तरह पेड़ पर बैठना असामान्य घटना मानी जा रही है। वन विभाग की टीम मौके पर डटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











