गर्भवती महिला पैदल निकली अस्पताल के लिए, रास्ते में हुई बेहोश, सरपंच संघ के अध्यक्ष की संवेदनशीलता से हुआ सुरक्षित प्रसव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) राकेश देवांगन  : गरियाबंद जिले में जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता से एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव संभव हो पाया। गर्भवती महिला अपने बच्चे के साथ ही पैदल अस्पताल जाने निकली थी लेकिन वह दर्द से बेहाल होकर रास्ते में ही बेहोश हो गई। इसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों को लगते ही महिला को अस्पताल पहुंचाया गया और महिला का सुरक्षित प्रसव संभव हो पाया।

मिली जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिले के ग्राम नागाबुड़ा की एक गर्भवती महिला प्रसव पीड़ा होने पर अकेले होने के कारण अपनी तीन वर्ष की बच्ची के साथ पैदल गरियाबंद के रास्ते निकल पड़ी। चलते चलते ज्यादा दर्द होने की वजह से गर्भवती महिला नहरगाँव पुल के पास बेहोश होकर गिर पड़ी। इसकी जानकारी कोचवाय सरपंच मुकेश बाई को मिली। जानकारी मिलते ही वह अपने पति धरम सिंह, पंच नागेंद्र नाग व दो अन्य महिला शारदा मानिकपुरी, ओमिन मानिकपुरी के साथ रात 12 बजे नहर गाँव पुल के पास पहुंची।

मौके पर पहुंच कर उन्होंने नहर गाँव के सरपंच व सरपंच संघ अध्यक्ष कोमल देव को जानकारी दी। जिसके बाद कोमल देव भी वहां पहुंचे। गर्भवती महिला की स्थिति को देखकर उन्होंने तुरंत अपने साधन से महिला को गरियाबंद जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां महिला की सुरक्षित डिलिवरी की गई।

सरपंच संघ अध्यक्ष कोमल देव

इस तरह जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता से एक सुरक्षित प्रसव संभव हो पाया। अन्यथा रात के अंधेरे में महिला के साथ कोई अनहोनी भी हो सकती थी। महिला के साथ साथ होने वाले बच्चे के लिए भी खतरा बना हुआ था।            

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KkBvfErBXEA1evbUHmUCTq

यह खबर भी जरुर पढ़े

स्वास्थ्य विभाग आयुक्त ने स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण, मातृ मृत्यु दर कम करने गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी के निर्देश

Related Articles

Back to top button