दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, दो सगी बहनों समेत 4 की मौत, जन्मदिन के अगले दिन उजड़ गया परिवार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नेशनल हाइवे पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो सगी बहनें और दो मासूम बच्चियां शामिल हैं। सबसे दर्दनाक बात यह है कि हादसे से महज एक दिन पहले ही 7 वर्षीय बच्ची का जन्मदिन परिवार ने धूमधाम से मनाया था। घटना दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्ग-रायपुर राजमार्ग पर गुरुवार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कूटी पर सवार एक ही परिवार के पांच लोग उतई से रायपुर अपने मामा के घर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर के पीछे उनकी स्कूटी जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी चला रही अमृता निर्मलकर (28), उनकी सगी बहन लक्ष्मी निर्मलकर (26), अमृता की 7 वर्षीय बेटी याचना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अमृता का 8 वर्षीय बेटा भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल एम्स रायपुर ले जाया गया। उसका इलाज आईसीयू में जारी है।
एक दिन पहले मनाया था बेटी का जन्मदिन
बताया जा रहा है कि हादसे से ठीक एक दिन पहले बेटी याचना का जन्मदिन खुशी-खुशी मनाया गया था। आज सभी रिश्तेदारों से मिलने रायपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
हादसे की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मॉर्च्युरी भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया है। ट्रैक्टर चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











