मौरीकला में स्थित सिद्ध गुफा में गूंजेगा आस्था का शंखनाद, 2 से 6 अप्रैल तक श्रीमद् लक्ष्मीनारायण महायज्ञ

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– धमतरी जिले के ग्राम मौरीकला (गुफा) की पावन तपोभूमि एक बार फिर भक्ति, आस्था और वैदिक परंपरा के अद्भुत संगम का साक्षी बनने जा रही है। यहां 2 अप्रैल से 6 अप्रैल 2026 तक 5 दिवसीय श्रीमद् लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, यह महायज्ञ पूज्य महंत स्वामी उमेशानंद गिरी जी के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा। इस दौरान पूरे क्षेत्र में वेदमंत्रों की पवित्र ध्वनि गुंजायमान रहेगी और वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।
आज भी महसूस होता है दिव्य तेज
मौरीकला की यह भूमि प्राचीन समय से संत-महात्माओं की तपस्थली रही है। श्रद्धालुओं का मानना है कि यहां आज भी श्री शिवबोधानंद स्वामी जी महाराज की साधना का दिव्य प्रभाव और आध्यात्मिक ऊर्जा विद्यमान है, जो यहां आने वाले भक्तों को विशेष शांति और आस्था का अनुभव कराती है।
वर्षों तक होते रहे भव्य यज्ञ
ग्राम मौरीकला में वर्ष 1980 से 2008 के बीच श्री सगुणानंद स्वामी जी महाराज के सान्निध्य में लगातार 9 दिवसीय भव्य यज्ञों का आयोजन होता रहा। इन आयोजनों में चंडी यज्ञ, शिव यज्ञ, विष्णु-लक्ष्मी यज्ञ, रामधुनी, रामायण पाठ, झांकियां, जसगीत और विशाल भंडारे जैसे कार्यक्रम शामिल होते थे, जिससे पूरा गांव मेले जैसा नजर आता था। इन धार्मिक आयोजनों की ख्याति इतनी व्यापक थी कि काशी सहित विभिन्न स्थानों से संत-महात्मा और श्रद्धालु यहां पहुंचते थे।
सिद्ध गुफा और प्राचीन कुएं की विशेष आस्था
तपोभूमि परिसर में स्थित प्राचीन गुफा और कुआं इस स्थल की विशेष पहचान हैं। इनसे जुड़े आध्यात्मिक रहस्यों के कारण श्रद्धालुओं में गहरी आस्था बनी हुई है। मान्यता है कि यहां संतों की तपस्या से उत्पन्न ऊर्जा आज भी विद्यमान है। आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्र सहित दूर-दराज के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर महायज्ञ में शामिल हों और धर्मलाभ प्राप्त करें।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
तीन कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के साथ संपन्न हुआ सामूहिक पुंसवन संस्कार











