तेज रफ्तार बस का कहर, स्कूल जा रहे छात्र को कुचला, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार यात्री बस ने स्कूल जा रहे 12 वर्षीय छात्र को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छात्र की मौत हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र का है।
पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार साधीपारा वार्ड क्रमांक 7 निवासी जयवंत पटेल पिता राम किशोर पटेल (12 वर्ष), रोज की तरह सुबह करीब 8.30 बजे साइकिल से स्कूल जा रहा था। वह भेड़िमुड़ा क्रमांक-2 स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था। जैसे ही वह साधीपारा पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पार कर रहा था, तभी रतनपुर से पाली की ओर जा रही तेज रफ्तार विर्क सुपर बस (सीजी 12 एक्स 0440) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
खेत में जा घुसी बस
हादसा इतना भीषण था कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी, जबकि छात्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी, चालक पर मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्र में भी भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, युवक गंभीर, गुस्साए लोगों ने किया चक्का जाम











