नदी के किनारे मिली छात्रा की लाश, रात को कमरे में सोने गई, सुबह घर से 500 मीटर दूर संदिग्ध हालत में मिला शव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नदी किनारे मिला। शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि लड़की रात में खाना खाने के बाद सोने गई थी। सुबह उसका शव मिलना कई सवाल खड़े करता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र के डिंडो चौकी क्षेत्र की है।
घर से 500 मीटर दूर मिला शव
जानकारी के अनुसार, तालकेश्वरपुर टुकुपाथर निवासी लाल बिहारी मरकाम की 16 वर्षीय बेटी परमेश्वरी मरकाम गुरुवार रात खाना खाने के बाद सोने चली गई। शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग सो कर उठे, तो परमेश्वरी अपने बिस्तर पर नहीं थी। परिवार ने पहले घर और आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। फिर उन्होंने ग्रामीणों की मदद ली। काफी खोजबीन के बाद उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर पांगन नदी के किनारे पड़ा मिला।
जांच में जुटी पुलिस
नाबालिग का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही डिंडो पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद मृतका का परिवार शोक में डूबा हुआ है। वहीं ग्रामीण भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। वे सवाल उठा रहे हैं कि किशोरी रात में घर से कैसे निकली, क्या उसे बुलाया गया था या जबरन ले जाया गया था। ग्रामीणों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BS4iWWfFiNDDwvO04RHCp3?mode=ems_wa_c
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम ब्रेकिंग: नदी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इस बात की आशंका, जांच में जुटी पुलिस











