पर्यटन मंत्री ने सरस मेला में चखा व्यंजनों का स्वाद, व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने राजिम कुंभ कल्प मेला का औचक निरीक्षण किया। मंत्री श्री अग्रवाल ने पैदल भ्रमण करते हुए मेला परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ राजिम विधायक रोहित साहू, गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, संस्कृति विभाग के उप संचालक प्रताप चंद पारख सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। मंत्री एवं विधायक ने मेला स्थल के प्रत्येक हिस्से का बारीकी से निरीक्षण किया और कहा कि जहां-जहां कमियां हैं, उन्हें शीघ्र दूर कर आयोजन को भव्य और बेहतर बनाया जाए।

मंत्री श्री अग्रवाल संभागीय सरस मेला के निरीक्षण हेतु भी पहुंचे, जहां आजीविका मिशन बिहान की दीदियां छत्तीसगढ़ी व्यंजन एरसा, बड़ा, फरा, धुसका बड़ा सहित अन्य पारंपरिक पकवान बना रही थीं। इस दौरान दीदियों के आग्रह पर मंत्री स्वयं को रोक नहीं पाए और गरमागरम व्यंजनों का स्वाद लिया। उनके साथ मौजूद सभी लोगों ने भी छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का आनंद लिया।

मीडिया सेंटर का किया निरीक्षण 

इसके पश्चात मंत्री श्री अग्रवाल मीडिया सेंटर पहुंचे और वहां की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने मुख्य मंच एवं कलाकारों के लिए बनाए गए ग्रीन रूम की सुविधाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। यहां से मंत्री श्री अग्रवाल कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर के समीप संतों के लिए निर्मित कुटियों में भी पहुंचे। यहां उन्होंने संतों हेतु बनाए गए कुटिया, डोम एवं पंडाल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके बाद श्री चक्र महामेरु पीठम् दंडी स्वामी सच्चिदानंद तीर्थ जी महाराज के पंडाल में मंत्री राजेश अग्रवाल एवं विधायक रोहित साहू ने स्वामी जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर संतों द्वारा मंत्री एवं विधायक का श्रीफल एवं वस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। निरीक्षण के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने राजिम कुंभ की भव्यता बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम कुंभ कल्प के सरस मेला में सजी आत्मनिर्भर महिलाओं की मेहनत और हुनर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button