नवापारा ब्रेकिंग: तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, युवक-युवती की मौत, एक युवती घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर चंपारण घूमने के लिए जा रहे थे। तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ। घटना रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
चंपारण घूमने जा रहे थे तीनों बाइक सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ी करेली निवासी पुष्पेंद्र साहू पिता कमलेश साहू (26 वर्ष), भेंडरी निवासी रिंकी साहू पिता प्रीतम साहू (23 वर्ष) तथा अन्नू साहू पिता यशवंत साहू (24 वर्ष) गुरुवार को पर्यटन स्थल चंपारण जाने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। जब वे ग्राम जौंदा के पास पहुंचे, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। संतुलन बिगड़ते ही वाहन फिसल गया और तीनों दूर जा गिरे। घटना के बाद राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
युवक-युवती की मौत
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रेफर कर दिया गया। इस दौरान बाइक चालक पुष्पेंद्र साहू और अन्नू साहू ने दम तोड़ दिया। वहीं रिंकी साहू की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। दो युवाओं की असमय मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर में भीषण सड़क हादसा: बस की चपेट में आए बाइक सवार दंपति, पति की मौत; पत्नी गंभीर











