गरियाबंद ज़िले के नव पदस्थ कलेक्टर बी.एस. उइके का पहला क्षेत्रीय प्रवास, देवभोग ब्लॉक का किया सघन निरीक्षण

सड़क निर्माण, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य विकास कार्यों में गति लाने के दिए निर्देश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा :– गरियाबंद जिले के नवनियुक्त कलेक्टर बी.एस. उइके ने अपने प्रथम प्रवास में आज दूरस्थ देवभोग क्षेत्र का सघन दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने शासकीय निर्माण कार्यों की प्रगति का समीक्षात्मक निरीक्षण किया तथा देवभोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का गहन अवलोकन किया।

प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत कमार बसाहट को मुख्य मार्ग से जोड़ने हेतु डुमाघाट से चिटकीमुड़ा तक निर्मित की जा रही 3.8 किलोमीटर लंबी सड़क का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने निर्माण गुणवत्ता की जांच हेतु किए जा रहे स्ट्रेंथ टेस्ट का भी अवलोकन किया। उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों को समयसीमा के भीतर पूर्ण करने और उत्कृष्ट गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।देवभोग प्रवास के दौरान कलेक्टर ने क्षेत्रीय ग्रामीणों से संवाद कर विद्युत, जल आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।

इसके उपरांत, राष्ट्रीय राजमार्ग मदांगमुड़ा से देवभोग तक चल रहे डामरीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने अधूरे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश जारी किए। धौराकोट में प्रस्तावित समाधान शिविर स्थल का भी उन्होंने अवलोकन किया, जहां उन्होंने छायादार स्थान चिन्हित कर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

देवभोग में निर्माणाधीन एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय तथा न्यायालय परिसर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कार्यों में तीव्रता लाकर समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने पर बल दिया। निरीक्षण यात्रा के दौरान अपर कलेक्टर नवीन भगत, एसडीएम तुलसीदास मरकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HEADRQ8Pq7N8imBgVZ1X8p

Related Articles

Back to top button