मेला घूमकर लौट रहे दंपति को पिकअप ने मारी टक्कर, पति-पत्नी समेत बेटी की मौत, बेटा की हालत गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मेला से लौटते समय एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी 13 वर्षीय मासूम बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल, तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छोटा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बांसाझार निवासी जमनेश यादव (36 वर्ष) अपनी पत्नी संतोषी यादव (26 वर्ष) और बच्चों के साथ बाइक क्रमांक सीजी 10 एए 0364 से बेलपान मेला घूमकर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कोटा-लोरमी मुख्य मार्ग पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।

मौके पर तीन की मौत, एक बच्चा गंभीर

हादसे में जमनेश यादव, उनकी पत्नी संतोषी यादव और उनकी 13 वर्षीय बेटी अनिशा यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के दौरान पति-पत्नी और बच्ची को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर स्थित निजी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

पिकअप जब्त, चालक हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के गांव में मातम का माहौल है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और घायल बच्चे के बेहतर एवं निशुल्क इलाज की मांग की है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम ब्रेकिंग: बारात जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटा, मची अफरा-तफरी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button