शादीशुदा प्रेमी जोड़े ने की आत्महत्या, घर पर फंदे से लटका मिला शव, इस बात की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घर के भीतर अलग-अलग फंदों पर दोनों के शव लटकते मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला कबीरधाम जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, रामलाल चंद्रवंशी (34) और रीना चंद्रवंशी (29) पहले से शादीशुदा थे, लेकिन करीब चार साल पहले अपने-अपने परिवार और बच्चों को छोड़कर साथ भाग गए थे और बाद में आपस में विवाह कर लिया था। इसके बाद वे रायपुर में रह रहे थे, जहां रामलाल ड्राइवरी का काम करता था।
बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले ही दोनों गांव लौटे थे और परिवार से अलग घर लेकर रह रहे थे। 19 अप्रैल को घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब रामलाल के पिता सब्जी देने उनके घर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था और आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर खिड़की से झांककर देखने पर दोनों के शव फंदे पर लटके दिखाई दिए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिए गए।
आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी के चलते आत्महत्या किए जाने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है और परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











