तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, दो सगे भाई समेत तीन युवकों की मौके पर मौत, एक गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले के ग्राम पारागांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बिजली के पोल से जा टकराई। इस हादसे में दो सगे भाईयों समेत तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना आरंग थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार महासमुंद से आरंग की ओर आ रही सफेद रंग की टाटा विस्टा कार (क्रमांक सीजी 04 एचडी 2156) आरंग के पास नदी मोड़ पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
दो सगे भाई समेत तीन की मौत
मृतकों में छुरा थाना क्षेत्र के सरागांव निवासी सगे भाई हर्ष कुमार देवांगन (21 वर्ष) और राहुल देवांगन (20 वर्ष) पिता जमुना प्रसाद देवांगन शामिल हैं। दोनों हाल ही में आरंग स्थित परमेश्वरी फोटो स्टूडियो में कार्यरत थे। तीसरा मृतक थानू सतनामी (22 वर्ष), निवासी ग्राम ओडका थाना आरंग है। हादसे में घायल मिथलेश धीवर (23 वर्ष), निवासी ब्लॉक कॉलोनी आरंग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
रेलिंग तोड़ते हुए डिवाइडर से टकराई कार
बताया जा रहा है कि कार में सवार चारों युवक महासमुंद अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने गए थे। वापसी के दौरान पारागांव के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार के कारण कार रेलिंग तोड़ते हुए डिवाइडर से टकराई, जिससे दुर्घटना अत्यंत भयावह हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा ब्रेकिंग: तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, युवक-युवती की मौत, एक युवती घायल











