दसपुर में अचानक आए तूफ़ान ने मचाई तबाही, घर पर गिरा विशाल पेड़, बाल-बाल बचीं दादी-पोती

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा :– गरियाबंद जिले में शनिवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से तेज धूप देखने को मिली। दोपहर में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। लोग गर्मी और चिलचिलाती धूप से बेहाल नजर आए। दोपहर बाद अचानक मौसम में बदलाव हुआ। आसमान में काले बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ आंधी चलने लगी। तेज आंधी के कारण एक विशाल पेड़ उखड़कर एक मकान पर गिर गया।
बाल-बाल बची दादी-पोती

बताया गया कि गरियाबंद जिले के ग्राम दसपुर में तेज हवाओं के साथ आई आंधी में एक विशाल पेड़ उखड़कर एक मकान पर गिर गया। इस दौरान 70 वर्षीय महिला सोहागिन बाई अपनी छोटी पोती के साथ घर के अंदर आराम कर रही थी। गनीमत रही कि इस हादसे में दोनों बाल-बाल बच गईं। विशाल पेड़ के गिरने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही गांव का मुख्य मार्ग भी अवरुद्ध हो गया, जिसके कारण काफी देर तक गांव में आवागमन बाधित रहा।

पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही गांव के नवनिर्वाचित सरपंच नरेंद्र कुमार ध्रुव ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाकर पेड़ को सड़क से हटवाया और सड़क को सुचारू करवाया। आंधी के कारण घरों और दुकानों में धूल भर गई।
वातावरण हुआ सुहावना
आपको बता दें कि मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिले सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम परिवर्तन का असर देखा गया। तेज आंधी के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ों की टहनियां भी टूट गईं। मौसम में आए बदलाव से आम नागरिकों को राहत मिली। वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई। क्योंकि इस समय रबी की फसल धान पककर खेतों में तैयार हो चुकी है। ऐसे में फसलों को नुकसान हो सकता है। फिलहाल मौसम में आए बदलाव के कारण वातावरण खुशनुमा बना हुआ है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/ByoSNL9jFiJAghfKGiFAzm
यह खबर भी जरुर पढ़े
चिलचिलाती गर्मी के बीच तीन दिन आंधी, बारिश और ओले का अलर्ट, इन जिलों में बदलेगा मौसम