दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर पलटने से तीन लोगों की मौत, 8 लोग घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि ग्रामीण ट्रैक्टर में सवार होकर दशहरा कार्यक्रम देखने गए थे। कार्यक्रम देखने के बाद सभी घर लौट रहे थे। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 ग्रामीण सवार थे। घटना जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार दशहरा पर्व के अवसर पर ग्राम हर्रामार में नाटक मंचन का आयोजन किया गया था। जिसे देखने के लिए पंडरीपानी गांव के लगभग 30 ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद सुबह 3-4 बजे के आसपास सभी लोग वापस लौट रहे थे। इस बीच मिर्जापुर गांव के पास ट्रैक्टर का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार कई लोग नीचे दब गए। मौके पर चीख पुकार मच गई।
तीन ग्रामीणों की मौत
हादसा होते देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से पत्थलगांव स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि घटना में दो महिलाएं, रनिका बाई और हीरासो बाई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरे मृतक की पहचान की जा रही है।
घायलों का चल रहा इलाज
हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं। इनमें भगवती सिदार (15),चन्दन कुंवर (45), सुनीता कोरवा (50) नंदू बाई (40), पुष्पांजली (15), सिरोमती (16), गीता सिदार (21) बुछु राम सभी ग्राम पंडरीपानी निवासी शामिल हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया जा रहा है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BMyxEfaBEgr27vmvZTmCpi
यह खबर भी जरुर पढ़े
भीषण सड़क हादसा: टैंकर से टकराई कार, युवक-युवती की मौत, दो की हालत गंभीर