महिला का खून से लथपथ मिला शव, पुलिस जुटी जांच में, इस बात की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मगरलोड क्षेत्र मे एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव नहर नाली के पास खून से लथपथ अवस्था में मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार झाझरकेरा निवासी मृतका जमुना बाई साहू (55 वर्ष) 3 अप्रैल शुक्रवार की शाम अपने गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर खेत में गेहूं की फसल की रखवाली करने गई थीं, लेकिन रात तक घर वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अगले दिन 4 अप्रैल शनिवार की सुबह उनका शव खेत के पास से गुजर रही नहर नाली के किनारे खून से लथपथ हालत में मिला।
ग्रामीणों में यह चर्चा होने लगी कि किसी जंगली जानवर ने महिला को अपना शिकार बना दिया होगा। क्योंकि जंगल और खेत की दूरी ज्यादा नहीं है। घटना की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही रेंजर सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृतिका के शरीर में जंगली-जानवर के निशान की जांच की। घटना को संदिग्ध देखते हुए पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई।
सूचना पर मगरलोड थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











