अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन सख्त : नियम उल्लंघन पर 1 लाख रुपये का लगा जुर्माना
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नदी में अवैध रेत उत्खनन के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है। यह कार्यवाही पट्टाधारी द्वारा नियमों का उल्लंघन करने की शिकायत पर की गई है। आरोप है कि पट्टाधारी द्वारा नियमों का उल्लंघन करते हुए रात्रि में वाहनों के माध्यम से रेत का परिवहन किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार स्वीकृत गौण खनिज साधारण रेत खदान में रात के समय रेत लोडिंग की शिकायत मिलने पर कलेक्टर के निर्देश पर जांच कराई गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई। जांच में यह सामने आया कि उत्खनन पट्टाधारी द्वारा नियमों का उल्लंघन करते हुए रात्रिकाल में वाहनों के माध्यम से रेत का परिवहन किया जा रहा था, जो निर्धारित प्रावधानों के विरुद्ध है।
प्रशासन ने इस कृत्य को छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत के उत्खनन एवं व्यवसाय (अनुसूचित क्षेत्र हेतु) नियम 2023 का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की। नियमों के तहत पर्यावरणीय शर्तों और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पट्टाधारी पर 1,00,000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है, जिसे निर्धारित मद में जमा भी करा दिया गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और नियम विरुद्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध रेत कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है और नियमों के पालन को लेकर सख्त संदेश गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











