कुल्हाड़ी लेकर घर में घुसा पड़ोसी रिश्तेदार, एक ही परिवार के महिला-बेटे और बच्चे की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। आपसी रंजिश में एक युवक ने पड़ोस में रहने वाले अपने ही रिश्तेदार परिवार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला, उसका बेटा और 9 वर्षीय मासूम नाती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के डोंगरीपाली थाना क्षेत्र का है।
तड़के 4 बजे घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, बरमकेला ब्लॉक के ग्राम झाल में 24 फरवरी की सुबह करीब 4 से 4.30 बजे के बीच आरोपी तुलसीदास उर्फ तुलसी सारथी (26) कुल्हाड़ी लेकर पड़ोस के घर में घुसा। उस समय परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। आरोपी ने एक-एक कर सो रहे लोगों पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में मंदो बाई (62), उनके बेटे राजेश सारथी (36) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 वर्षीय प्रशांत सारथी ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
घटना में कुमार साय सारथी (65) और उनकी बहू संजुक्ता सारथी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुरानी रंजिश बनी खूनी वजह
घटना की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस अधीक्षक आञ्जनेय वार्ष्णेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच करीब पांच साल पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जाता है कि गाली-गलौज की घटना के बाद से मनमुटाव चल रहा था। पुलिस यह जांच कर रही है कि बीती रात फिर किसी बात पर विवाद हुआ था या नहीं।
आरोपी गिरफ्तार
आरोपी के पिता शौकीलाल ने बताया कि तुलसी तीन दिन पहले ही गांव लौटा था और बाहर होटल में मजदूरी करता था। घटना वाली सुबह वह “जंगल जा रहा हूं” कहकर कुल्हाड़ी लेकर निकला था। थोड़ी देर बाद पड़ोसी के घर से चीख-पुकार की आवाज आई। वारदात के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश में था, लेकिन डोंगरीपाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने चचेरे दादा-दादी, उनके बेटे, बहू और बच्चे पर हमला किया। आपसी रंजिश की बात सामने आई है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या से पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। एहतियातन इलाके में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu











