गरियाबंद जिले में पाँचवी-आठवीं केंद्रीकृत बोर्ड परीक्षा 16 मार्च से होगी शुरू, कलेक्टर ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रदेश सहित गरियाबंद जिले में कक्षा पाँचवीं और आठवीं की केंद्रीकृत परीक्षाएँ 16 मार्च से प्रारंभ होंगी। इन परीक्षाओं में शासकीय अनुदान प्राप्त और निजी विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा का संचालन जिला स्तरीय समिति की निगरानी में किया जाएगा। कलेक्टर बीएस उइके ने परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है।
जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर ने बताया कि कक्षा पाँचवीं की परीक्षाएँ 16 मार्च से 25 मार्च तक सुबह 9ः00 बजे से 11ः00 बजे तक आयोजित होंगी। वहीं कक्षा आठवीं की परीक्षाएँ 17 मार्च से 6 अप्रैल तक सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित की जाएँगी। सभी विद्यार्थियों के रोल नंबर विद्यालयवार जारी किए जा चुके हैं।
निर्देशों के अनुसार सरकारी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों के साथ ही छत्तीसगढ़ बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी निजी (हिंदी और अंग्रेजी माध्यम) स्कूलों के विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। किसी भी विद्यार्थी को परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। वार्षिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी पूरक परीक्षा दे सकेंगे और पूरक परीक्षा में भी अनुत्तीर्ण होने पर उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।
ब्लॉक स्तर पर उड़नदस्ता टीम गठित
जिले में कुल 996 प्राथमिक और 497 माध्यमिक शालाएँ संचालित हैं। इनमें कक्षा पाँचवीं के 11 हजार 440 और कक्षा आठवीं के 11 हजार 483 विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। परीक्षाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए ब्लॉक स्तर पर उड़नदस्ता टीम गठित की गई है। प्रश्नपत्रों का वितरण ब्लॉक मुख्यालय से किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के निकट स्थित पुलिस थानों में प्रश्नपत्र सुरक्षित रखे जाएँगे और तिथिवार वितरण की जिम्मेदारी प्रत्येक थाने के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी संभालेंगे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा किया जाएगा। जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों को मूल्यांकन केंद्र बनाया जाएगा, जिसकी सतत निगरानी जिला स्तरीय समिति द्वारा की जाएगी। कक्षा पाँचवीं और आठवीं की परीक्षाओं की संपूर्ण जिम्मेदारी संकुल प्राचार्यों को सौंपी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों की परीक्षा 16 मार्च को गणित, 19 मार्च को अंग्रेजी, 23 मार्चको हिंदी और 25 मार्च को पर्यावरण की होगी। इसी प्रकार कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के लिए 17 मार्च को गणित, 20 मार्च को हिंदी, 24 मार्च को अंग्रेजी, 30 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 2 अप्रैल को विज्ञान, 6 अप्रैल को संस्कृत, उर्दू की परीक्षा होगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
कक्षा 5वीं एवं 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा 2026 की समय-सारणी जारी, 16 मार्च से शुरू होंगी परीक्षाएं











