युवक पर चाकू से हमला, आतें आई बाहर, आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– पुरानी लेनदेन की रंजिश को लेकर एक युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपी ने पेट और पीठ पर इतना घातक वार किया कि आंतें बाहर आ गईं। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदर गंज वार्ड का है।
पेट और पीठ पर मारा चाकू
पीड़ित के भाई अजय सिन्हा ने पुलिस को बताया कि 2 जनवरी की रात वह भोजन कर सो रहा था, तभी मोहल्ले में शोर-शराबा सुनकर बाहर निकला। लोगों ने बताया कि उसके भाई मनीष सिन्हा पर मोहल्ले के युवक साहिल खत्री ने चाकू से हमला कर दिया है और उसे जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया है। सूचना मिलते ही अजय सिन्हा अपनी मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचा, जहां मनीष के पेट में गंभीर चोट थी और आतें बाहर आ गई थीं। वहीं पीठ की ओर पसली के पास भी गहरी चोट से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था।
पुरानी लेनदेन को लेकर विवाद
अस्पताल में मौजूद विकास मानिकपुरी ने बताया कि मनीष सिन्हा, रोहन ठाकुर और वह खाना खाने के बाद सिहावा चौक स्थित हिंदू अनाथालय के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान साहिल खत्री वहां पहुंचा। बातचीत के बीच पुराने पैसों के लेनदेन और मोटरसाइकिल को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी बात पर साहिल खत्री गुस्से में आ गया और हत्या की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से मनीष के पेट और पीठ पर हमला कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बीच-बचाव के दौरान अजय सिन्हा के दाहिने हाथ में भी चोट आई है। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने मनीष सिन्हा को मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी साहिल खत्री के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS
यह खबर भी जरुर पढ़े
शादी की खुशियां मातम में बदलीं: शराब के नशे में छोटे भाई ने बड़े भाई को मारा चाकू, आंते आई बाहर











