कुल्हाड़ी मारकर पिता की हत्या, शव पानी की टंकी में फेंका; वारदात के बाद बिरयानी खाकर सो गया आरोपी बेटा, गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– होलिका दहन के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब पीने से रोकने पर कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को घर के पास बनी पानी की टंकी में फेंक दिया और फिर दुकान पर जाकर बिरयानी खाई। लौटकर वह कंबल ओढ़कर सो गया। घटना सरगुजा जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र का है।
टांगी से किए ताबड़तोड़ वार
पुलिस के मुताबिक, बहेरापारा निवासी पारस केरकेट्टा (50) अलग मकान में रहते थे। उनका छोटा बेटा प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा (25) पास ही किराए के घर में रहता था। सोमवार (2 मार्च) रात करीब 11 बजे प्रभात नशे की हालत में पिता के घर पहुंचा। पिता ने शराब पीने को लेकर नाराजगी जताई, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर प्रभात ने घर में रखी टांगी (कुल्हाड़ी) उठा ली और पिता के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से पारस केरकेट्टा की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव टंकी में डाला
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने की नीयत से शव को घर के बगल में बनी छोटी पानी की टंकी में डाल दिया। इसके बाद वह पास की दुकान पर गया, जहां उसने बिरयानी खाई और फिर घर लौटकर आराम से सो गया।
पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने पिता-पुत्र के बीच विवाद होते देखा था। संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी प्रभात को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने कहा कि घटना गुस्से में “बाय मिस्टेक” हो गई।
टंकी से निकाला गया शव, जांच जारी
मंगलवार 3 मार्च की सुबह पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पानी की टंकी से बाहर निकलवाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि शराब पीने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने पिता की हत्या की है। आरोपी प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
पैसों की लालच में पिता की हत्या, बेटे ने फावड़े के ताबड़तोड़ वार, मौके पर दर्दनाक मौत











