अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विधायक रोहित साहू ने किया नारी सम्मान का आह्वान, कहा – महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रही आर्थिक मजबूती

महतारी वंदन सम्मेलन में महिलाओं का अभूतपूर्व उत्साह, विधायक रोहित साहू ने गिनाई सरकार की योजनाएं

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला गरियाबंद द्वारा धर्मनगरी राजिम के कृषि उपज मंडी प्रांगण में महतारी वंदन सम्मेलन का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रभर से हजारों की संख्या में माताएं, बहनें एवं स्व-सहायता समूह की महिलाएं उत्साहपूर्वक शामिल हुईं। कार्यक्रम स्थल पर नारी शक्ति का विशाल जनसमूह उमड़ा, जिसने महिला सम्मान और सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधायक रोहित साहू रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत राजिम के अध्यक्ष महेश यादव ने की। मंच पर जनपद पंचायत फिंगेश्वर की अध्यक्ष इन्द्राणी नेहरू साहू, जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, नंदनी ओंकार साहू, नंदनी कोमल ढी़ढी़, जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष मीरा ठाकुर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, राजिम भक्तिन मंदिर समिति अध्यक्ष लाला साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष सुश्री छाया राही, मधु नथानी, देवकी साहू, खुशी साहू, पार्षद आकाश राजपूत, भारत यादव, बलराम निषाद, तुषार कदम,सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

नारी शक्ति को नमन करने का दिन

सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि नारी शक्ति के सम्मान, स्वाभिमान और योगदान को नमन करने का दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित कर रही हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि समाज के अंतिम छोर पर बैठी महिला तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचे। जब महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होंगी, तभी समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव होगा। राजिम में आज उमड़ा यह विशाल जनसमूह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की महिलाएं अब जागरूक होकर अपने अधिकारों और विकास की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला है। महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।

महिलाएं समाज की धुरी

वहीं जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष श्रीमती मीरा ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं समाज की धुरी हैं। जब एक महिला सशक्त होती है तो पूरा परिवार और समाज आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना ने महिलाओं के भीतर नया आत्मविश्वास और आत्मबल पैदा किया है। आज राजिम की पावन धरा पर उमड़ा यह विशाल जनसैलाब नारी शक्ति की जागरूकता और एकता का प्रतीक है।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं स्व-सहायता समूहों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल भी लगाए गए, जहां महिलाओं को योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम के अंत में विधायक रोहित साहू सहित सभी अतिथियों ने उपस्थित माताओं और बहनों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अतिथियों और उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया।

यह भव्य सम्मेलन नारी शक्ति के सम्मान, जागरूकता और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को और अधिक मजबूती देने वाला ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध हुआ।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

महतारी वंदन योजना से संवर रही महिलाओं की जिन्दगी, कमा रही डबल मुनाफा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button