घटारानी-जतमई मार्ग के जंगल में भालू का हमला, राहगीर हुआ घायल, बाल-बाल बची जान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के पर्यटन क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां घटारानी जलप्रपात के ऊपर जंगल में पानी पीने के दौरान एक राहगीर पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों और वन विभाग की तत्परता से तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम लोहरसी निवासी राजकुमार यादव आज एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घटारानी के ऊपर बसे ग्राम केडीआमा (रमनपुर) जा रहे थे। दोपहर लगभग 12 बजे वे घटारानी जलप्रपात के ऊपर कच्चे रास्ते से जतमई मार्ग होते हुए सुरुंगपानी के पास पानी पीने के लिए रुके, तभी अचानक झाड़ियों से निकलकर एक भालू ने उन पर हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले से वे संभल भी नहीं पाए और भालू ने उनके दाहिने जांघ को दांतों से कसकर पकड़ लिया। तभी संयोगवश भालू ने उन्हे छोड़ दिया और जंगल की ओर भाग गया। जिससे उनकी जान बच सकी। घायल अवस्था में ही राजकुमार यादव किसी तरह केडीआमा पहुंचे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
किया आभार व्यक्त

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वन विभाग को सूचना दी और उन्हें तुरंत खडमा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। पीड़ित राजकुमार यादव ने बताया कि वे बाल-बाल बचे हैं और समय पर मदद के लिए ग्रामीणों, वन विभाग तथा सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
बता दे कि घटारानी के आसपास के जंगलों में भालू की उपस्थिती हमेशा बनी रहती है। घटारानी के पास लगे दुकानों में भी खानेपीने के सामानों को चट कर जाता है। गर्मी में पानी के तलाश में वे गांवों तक भी पहुंच जाते है। वहीं वन विभाग ने ग्रामीणों व वनांचल क्षेत्र में वनोपज संग्रह करने वाले लोगों से अपील की है कि वे अकेले जंगल में न जाएं, सतर्क रहें, जंगल के सुनसान रास्तों में ना रुके और वन्य जीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि ऐसी अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











