युवती की गोली मारकर हत्या, घर में घुसकर सिर पर 3 राउंड चलाई गोली, नकाबपोश हमलावर फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवती को निशाना बनाते हुए तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके सिर में और अन्य गोलियां शरीर के हिस्सों में लगीं। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना सक्ति जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, जोंगरा गांव में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो युवक बाइक से पूर्णिमा चौहान (25 वर्ष) के घर पहुंचे। दोनों ने सफेद गमछे से अपना चेहरा ढंक रखा था और बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। एक आरोपी घर के अंदर घुसा और परिवार वालों से पूर्णिमा के बारे में पूछने लगा, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा।
जैसे ही पूर्णिमा बाहर आई, आरोपी ने बिना कुछ कहे उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। फायरिंग के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सक्ती पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही हमलावरों के संभावित भागने के रास्तों की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
निजी कंपनी में करती थी काम
पुलिस के अनुसार, पूर्णिमा चौहान पिछले करीब चार वर्षों से एक निजी कंपनी में सेल्स का कार्य कर रही थी। उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके जोंगरा गांव में रह रही थी।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











