शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, तीन महीने तक पत्नी बनाकर रखाकर किया शोषण, गर्भवती होने पर छोड़ा साथ, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने पीड़िता को तीन महीने तक पत्नी बनाकर अपने घर में रखा और बाद में मारपीट कर घर से निकाल दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला रायगढ़ जिले के महिला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय पीड़िता ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी बादल सारथी ने उससे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के मुताबिक, वह अप्रैल 2025 में मजदूरी के लिए दिल्ली गई थी। रायगढ़ लौटने के बाद उसकी पहचान आरोपी से हुई और दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
शादी की बात पर टालमटोल, फिर मारपीट कर निकाला
आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसे अपने घर में करीब तीन माह तक पत्नी की तरह रखा और इस दौरान उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता का कहना है कि जब भी वह शादी के लिए दबाव बनाती, आरोपी बहाने बनाकर टाल देता था। बाद में उसने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद युवती अपने दादा-दादी के घर चली गई।
जनवरी 2026 में पीड़िता दोबारा काम के लिए दिल्ली गई, जहां आरोपी भी उसके पास पहुंच गया और करीब एक माह तक साथ रहा। इस दौरान युवती ने खुद के गर्भवती होने की जानकारी आरोपी को दी। इसके बाद आरोपी ने जल्द शादी करने का भरोसा दिया, लेकिन 24 मार्च 2026 को वह बिना बताए दिल्ली से वापस रायगढ़ लौट आया।
शादी से किया इनकार
2 अप्रैल को जब पीड़िता रायगढ़ पहुंचकर आरोपी के घर गई, तो उसने उसे घर में घुसने नहीं दिया और शादी से साफ इनकार कर दिया। काफी समझाइश के बाद भी जब आरोपी नहीं माना, तो पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1
यह खबर भी जरुर पढ़े
शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर इंस्टा पर वायरल; आरोपी गिरफ्तार











