दोगुना मुनाफा देने का झांसा देकर 27 लाख की ठगी, महाराष्ट्र से दो आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– टेलीग्राम के जरिए निवेश पर दोगुना मुनाफा देने का झांसा देकर 27 लाख 26 हजार 614 रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। साइबर पुलिस ने इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को औरंगाबाद से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र का है।
टेलीग्राम ग्रुप बनाकर फंसाया जाल में
चांपा निवासी 32 वर्षीय राजेश कुमार सोनी को 7 दिसंबर 2025 को टेलीग्राम एप के माध्यम से एक युवती ने संपर्क किया। उसने खुद को निवेश कंपनी से जुड़ा बताकर कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का दावा किया। इसके बाद पीड़ित को एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां अन्य सदस्य लगातार फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा कर निवेश के लिए प्रेरित करते रहे।
झांसे में आकर राजेश सोनी ने अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस, यूपीआई, एटीएम और पेटीएम के जरिए विभिन्न बैंक खातों में कुल 27.26 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब न तो कोई रिटर्न मिला और न ही संपर्क हुआ, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और एडिशनल एसपी उमेश कुमार कश्यप के निर्देश पर साइबर टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के एक संदिग्ध खाते का पता चला, जिसमें ठगी की रकम का हिस्सा ट्रांसफर किया गया था।
इसके बाद पुलिस टीम ने औरंगाबाद पहुंचकर घेराबंदी की और आवेज मसूद शेख को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने अपने मित्र अब्दुल वाहिद के कहने पर बैंक खाते खुलवाए थे। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम जमा कराने और निकालकर आगे पहुंचाने के लिए किया जाता था। इसके बाद पुलिस ने सह-आरोपी अब्दुल वाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक बरामद किए गए हैं।
दिल्ली कनेक्शन आया सामने
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी अब्दुल वाहिद दिल्ली निवासी एक अन्य व्यक्ति के संपर्क में था, जो पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। पुलिस को उसके संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और उसकी तलाश जारी है। आरोपियों ने बताया कि वे खातों में आने वाली रकम निकालकर अपने वरिष्ठ साथियों को सौंपते थे और बदले में कमीशन लेते थे। यह गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को निवेश के नाम पर ठग रहा था।
पुलिस की अपील
साइबर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले किसी भी निवेश प्रस्ताव पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। बिना सत्यापन किसी भी खाते में पैसा ट्रांसफर न करें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा के उपअभियंता हुए ठगी के शिकार: NUVAMA स्टॉक ब्रोकर बनकर 9.75 लाख की ठगी; FIR दर्ज











