शराबी बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या, इस बात से परेशान था पिता, पुलिस ने किया गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुशमुली में एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटा शराब के नशे में आए दिन घर में हंगामा और मारपीट करता था। रोज-रोज के विवाद से परेशान पिता का सब्र टूट गया और गुस्से में उसने पहले डंडे से पिटाई की, फिर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान विजेंद्र श्रीवास (30) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह लंबे समय से शराब का आदी था और नशे की हालत में अक्सर घर लौटकर परिवार के सदस्यों से विवाद करता था। उसकी इस आदत से पूरा परिवार मानसिक तनाव में था।
कुल्हाड़ी से किया हमला
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को विजेंद्र शराब पीकर घर पहुंचा और परिजनों से झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ने पर पिता मोहित राम श्रीवास का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि उन्होंने पहले डंडे से बेटे की पिटाई की और फिर घर में रखी कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में विजेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आरोपी पिता गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











