डबरी में मिला अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव, चेहरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त; हत्या की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक डबरीनुमा जलभराव में अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसके चलते उसका चेहरा पूरी तरह खराब हो चुका है और अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस हत्या की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग के एक बीट गार्ड ने जलभराव में शव पड़ा देखा और तत्काल इसकी सूचना चांपा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पानी से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।

शव की नहीं हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच है। शव पर कमर में काले रंग का कपड़ा, भूरे रंग की बेल्ट तथा गले में दुपट्टे जैसा कपड़ा मिला है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत दो-तीन दिन पहले हुई होगी।

हत्या कर शव फेंकने की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि युवक की कहीं और हत्या करने के बाद शव को साक्ष्य छिपाने की नीयत से हनुमान धारा के पास जलभराव में फेंका गया हो। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक की पहचान कराने के लिए उसके फोटो जिले के सभी थानों के साथ-साथ सीमावर्ती जिलों के पुलिस थानों को भी भेजे गए हैं। आसपास के क्षेत्रों से लापता व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपियों की तलाश के लिए विशेष जांच शुरू की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद ब्रेकिंग: पर्यटन स्थल पर 100 फीट खाई में मिला युवक का शव, हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button