गरियाबंद ब्रेकिंग: पर्यटन स्थल पर 100 फीट खाई में मिला युवक का शव, हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा :– गरियाबंद जिले में एक युवक का शव प्रसिद्ध पर्यटन स्थल के पास करीब 100 फीट गहरी खाई में मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला हत्या है या हादसा पुलिस इसकी जांच कर रही है। मामला देवभोग क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार देवभोग विकासखंड की ग्राम पंचायत करलागुड़ा निवासी लोकेश सिंह पिता अमृत लाल दोरिया (25 वर्ष) गुरुवार को बिना किसी को कुछ बताए घर से निकला था। शाम करीब 5.30 बजे ओडिशा के कालाहांडी जिले स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डोंगरीचचरा के राम मंदिर के पास खाई में उसका शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे।
प्रवेश द्वार पर मिली बाइक
घटनास्थल के प्रवेश मार्ग पर मृतक की बाइक क्र. सीजी 04 एलएस 8293 खड़ी मिली। बताया जा रहा है कि पर्यटन स्थल के अंदर वाहनों का प्रवेश नहीं होने के कारण बाइक बाहर ही छोड़ी गई थी। इसके बाद युवक अकेले खाई तक कैसे पहुंचा और उसके साथ आखिर क्या हुआ, यह अब जांच का विषय बन गया है।
पानी में नहीं, किनारे मिला शव
स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक झरने के ऊपरी हिस्से से लगभग 100 फीट नीचे खाई में गिरा था। हालांकि सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उसका शव पानी में नहीं, बल्कि पानी से करीब दो मीटर दूर पड़ा मिला। जिससे मामला संदिग्ध हो गया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पर्यटन स्थल समिति के एक सदस्य ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई और वजह है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। उधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम ब्रेकिंग: घर के सामने मिला युवक का शव, शरीर पर चोट के निशान, धारदार हथियार से हत्या की आशंका











