नवापारा ब्रेकिंग: व्यापारी का अपहरण कर 10 लाख की फिरौती, बंदूक की नोक पर दिया खौफनाक वारदात को अंजाम, पीड़ित ने थाने में लगाई गुहार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले के गोबरा नवापारा इलाके में एक व्यापारी के अपहरण और बंदूक की नोक पर 10 लाख रुपये की जबरन उगाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई है जिसमें उन्हे गंभीर चोटे भी आई है। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंप कर कार्यवाही की मांग की है।
पुलिस को जानकारी देते हुए नवापारा निवासी पीड़ित मयंक छल्लानी ने बताया कि घटना 20 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे की है। मयंक छल्लानी अपने कर्मचारी महेश कंसारी के साथ स्कूटी से घर जा रहे थे, तभी रास्ते में नवापारा के ही गुलजार खान ने उन्हें रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि गुलजार खान ने बंदूक की नोक पर मयंक को जबरदस्ती अपनी स्कूटी पर बैठाया और उन्हें तर्री कुबेर कैंटीन के बेसमेंट में ले गया।
बेसमेंट में बर्बरता और उगाही
शिकायत के अनुसार, बेसमेंट में ले जाकर आरोपियों ने मयंक के साथ बेरहमी से मारपीट की। मयंक ने बताया कि उनके कान के पास बंदूक के निचले हिस्से से वार किया गया और उन्हें 15-20 थप्पड़ मारे गए। बदमाशों ने उनसे 10 लाख रुपये की मांग की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उन्होंने इसका वीडियो भी बनाया। यह नजारा देख वहाँ उपस्थित लड़के भी भाग गए।
डर के मारे मयंक ने अपने परिचित से फोन पर संपर्क कर कर्ज के रूप में पैसे मांगे और पैसों का इंतजाम करवाया। आरोपियों ने उनके पर्स से 1500 रुपये भी निकाल लिए। इतना ही नहीं, उन्होंने साक्ष्य छिपाने के लिए मयंक के खून से सने कपड़े उतरवा कर नाले में फेंक दिया और नई शर्ट मंगा कर पहनाई।
मयंक का आरोप है कि पैसे मिलने के बाद जबरन एक वीडियो भी बनवाया गया, जिसमें उनसे यह कहलवाया गया कि यह पैसों का लेन-देन आपसी है और उनसे माफी भी मँगवाई गई, ताकि वे पुलिस के पास न जा सकें।
गंभीर चोटें और पुलिस से सुरक्षा की मांग
मारपीट की वजह से पीड़ित मयंक छल्लानी को गंभीर चोटें आई हैं। आवेदन में उल्लेख है कि उनकी नाक की हड्डी टूटने और कान का पर्दा फटने की आशंका है, साथ ही उन्हें आंखों से देखने में भी कठिनाई हो रही है। आरोपियों ने उन्हें धमकी दी थी कि यदि उन्होंने पुलिस को खबर की, तो उनके बच्चों को जान से मार दिया जाएगा।
इसी डर और शारीरिक दर्द के कारण मयंक ने घटना के दो दिन बाद, 22 जुलाई को पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करने, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मयंक का दावा है कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश थी और आरोपी उनकी रेकी कर रहे थे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











